
बिच्छू डॉट कॉम। इंडिया-ए ने फाइनल में श्रीलंका-ए को 66 रन से हराकर ट्राई सीरीज अपने नाम कर ली। इंडिया-ए ने दांबुला में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका-ए 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत की जीत के हीरो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन की पारी खेली। 11 छक्के और 6 चौके भी लगाए। वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वैभव ने अर्धशतकीय आंकड़े तक पहुंचने के दौरान सिर्फ चौके-छक्के में डील किया और एक सिंगल तक नहीं लिया। उन्होंने 50 ओवर क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी का वलर्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कप्तान तिलक वर्मा ने 67, ऋतुराज गायकवाड ने 40 और अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों पर 39 रन का योगदान दिया। वैभव ने श्रीलंका के कौशल्या वीरारत्ने का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वीरारत्ने ने 2005 में सिर्फ 12 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। यही नहीं, वैभव ने सरफराज खान द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। सरफराज ने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। 378 रन का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत खराब रही। टीम के लिए वनुजा सहान ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन की पारी खेली।
