कांग्रेस को अगले 20-30 साल तक राजनीतिक जगह नहीं मिलेगी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए। नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और कहा कि अपनी लगातार हार से बौखलाई कांग्रेस को आने वाले 20 से 30 सालों तक देश की राजनीति में कोई जगह नहीं मिलेगी। नड्डा ने राहुल गांधी की तुलना एक ऐसे अबोध बालक से की जो परीक्षा में पास होने पर खुद को होशियार मानता है, लेकिन फेल होने पर शिक्षक को बेईमान ठहराता है। ठीक इसी तरह चुनाव जीतने पर राहुल गांधी को चुनाव निष्पक्ष लगता है और हारने पर वे संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं। नड्डा ने कहा-कांग्रेस चुनाव हारने के बाद देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। जाली वोटों के बल पर चुनाव जीतना चाहती थी। आपातकाल के दौरान कांग्रेस शासन के दौरान 1.30 लाख लोगों को जेल में डाला गया था, जो अंग्रेजों के अत्याचार से भी अधिक था।

Related Articles