अग्निवीरों की नौकरी छह साल पक्की, कार्यकाल दो साल बढ़ाया


अग्निवीर अब चार की बजाय छह साल तक सेना में नौकरी कर सकेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दो साल का सेवा विस्तार देने का ऐलान किया। इसका फायदा उन 75 फीसदी अग्निवीरों को मिलेगा, जिन्हें पहले चार साल बाद सेवा छोड़नी पड़ती थी। अभी हर बैच के 25 फीसदी अग्निवीरों को चार साल बाद मेरिट के आधार पर नियमित सेना में शामिल किया जाता है। बाकी 75 फीसदी को सेवा से बाहर होना पड़ता है। नए नियम में 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित करने का पुराना नियम जारी रहेगा। बाकी 75 फीसदी को उनकी सहमति से दो साल और नौकरी करने का मौका मिलेगा। इस दौरान उन्हें बढ़ी हुई सैलरी और भत्ते भी मिलेंगे। छह साल बाद भी सेना में नौकरी करने के इच्छुक अग्निवीरों को चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। तीनों सेनाओं में 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक 31 दिसंबर तक पहले बैच के 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। ये पहले बैच में भर्ती हुए 24,400 अग्निवीरों का करीब 75 फीसदी हैं।

Related Articles