श्योपुर में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म

श्योपुर
  • दो बेटे-दो बेटियां… सभी एसएनसीयू में भर्ती

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। श्योपुर जिला अस्पताल से एक सुखद और दुर्लभ खबर सामने आई है। वीरपुर तहसील के भैरूपुरा गांव की रहने वाली पूजा सुमन ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। हालांकि समय से पहले जन्म और कम वजन के चलते चारों नवजातों की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में भर्ती कर डॉक्टरों की सतत निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पूजा सुमन को रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे प्रसव पीड़ा के साथ जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अनुभवी टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चारों बच्चों का सुरक्षित प्रसव कराया गया। एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल में खुशी और हैरानी का माहौल बन गया।

शिशु रोग विशेषज्ञों ने बताया कि पूजा की डिलीवरी गर्भावस्था के सातवें महीने में हुई है। समय से पहले जन्म होने के कारण चारों नवजातों का वजन सामान्य से काफी कम है। प्रत्येक बच्चे का वजन लगभग एक किलोग्राम के आसपास है। कम वजन और प्री-मैच्योर बर्थ के चलते बच्चों को सांस लेने और शरीर का तापमान बनाए रखने में दिक्कत हो सकती है। इसी वजह से सभी को एसएनसीयू में वार्मर पर रखा गया है। फिलहाल चारों नवजातों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। शिशु रोग विशेषज्ञों की टीम 24 घंटे उनकी पल-पल की मॉनिटरिंग कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 72 घंटे बेहद अहम हैं। वहीं राहत की बात यह है कि बच्चों की मां पूजा सुमन की हालत स्थिर और पूरी तरह स्वस्थ है। समय पर अस्पताल पहुंचने और डॉक्टरों की तत्परता से जच्चा-बच्चा की जान बच गई।

Related Articles