कुरियन केरल में और मुरुगन तमिलनाडु में हारे

कुरियन केरल
  • एमपी के दो राज्यसभा सांसदों को चुनावी झटका

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश से राज्यसभा में पहुंचे भाजपा के दो सांसदों को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन केरल की कांजिराप्पल्ली सीट से चुनाव लड़े थे, जहां वे तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार से करीब 29 हजार वोटों से हार मिली। इस सीट पर कांग्रेस के रोनी के बेबी विजयी रहे, जबकि केरल कांग्रेस के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे। इसी तरह भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय राज्यमंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी (एससी) सीट से मैदान में थे, लेकिन उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर डीएमके उम्मीदवार ने बढ़त बनाकर जीत हासिल की। बता दें, जॉर्ज कुरियन और एल. मुरुगन दोनों ही मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। कुरियन का कार्यकाल जून 2026 तक है, जबकि मुरुगन का कार्यकाल 2030 तक जारी रहेगा। इन दोनों नेताओं को भाजपा ने अलग-अलग राज्यों में मजबूत उम्मीदवार के रूप में उतारा था, लेकिन चुनावी नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इनकी हार का असर आने वाले राज्यसभा चुनावों और पार्टी की रणनीति पर भी पड़ सकता है। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें जून 2026 में खाली होने वाली हैं, जिनमें दो भाजपा और एक कांग्रेस के पास है। कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और भाजपा की ओर से सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल भी उसी समय पूरा होगा।
मंत्री एल. मुरुगन का नहीं चला दिल्ली कार्ड
मध्य प्रदेश कोटे से बीजेपी के राज्यसभा सांसद और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी सीट से चुनावी मैदान में थे। मुरुगन ने पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में कदम रखा था। रैलियों में भीड़ उमड़ रही थी, भाषणों में जोश था और रणनीति भी मजबूत मानी जा रही थी। शुरुआत में मामूली बढ़त दिखाने वाले मुरुगन धीरे-धीरे पीछे होते गए और अंत में उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी। उन्हें 68,836 से ज्यादा वोट मिले। लेकिन टीवीके की लहर के आगे नहीं बच पाए। इस सीट पर बहुत ही दिलचस्प और त्रिकोणीय मुकाबला था, लेकिन टीवीके के उम्मीदवार ने उलटफेर करते हुए भाजपा और और अन्नाद्रमुक को मात दे दी। यहां से विजय की पार्टी के कमाली एस 84,209 वोट के साथ विजयी हुए। वहीं तीसरे नंबर पर डीएमके उम्मीदवार को 65,530 वोट मिले।
केरल में भी मिली करारी हार
वहीं, केरल में एमपी से भाजपा राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन केरल की कांजीरापल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे थे। ये सीट ईसाई बहुल मानी जाती है जिस वजह से उनके जीतने का संभावनाएं ज्यादा लग रही थी, लेकिन परिणाम में वह फाइट करते हुए भी नजर नहीं आए। उन्हें मात्र 26984 वोट मिले और तीसरे नंबर पर रहे। इस सीट से कांग्रेस के रोना के. बेबी ने जीत दर्ज की है। उन्हें 56646 वोट पड़े वहीं दूसरे नंबर पर (केरल कांग्रेस-एम) के डॉ. एन. जयराज को 50874 वोट मिले।

Related Articles