सेना के शौर्य से होगा एमपी में ‘युवा वर्ष’ का आगाज

युवा वर्ष
  • सीएम का एलान- 15 जनवरी को भोपाल में होगा राष्ट्रीय सेना दिवस का भव्य आयोजन
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर राजधानी भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में 79वें राष्ट्रीय सेना दिवस (15 जनवरी 2027) के आयोजनों की ऐतिहासिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर सीएम डॉ. मोहन यादव और सुदर्शन चक्र कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान ने संयुक्त रूप से संकल्प वृक्ष यानी अर्जुन का पौधा लगाया। यह आयोजन प्रदेश की एकता, अखंडता और देशभक्ति के अनूठे संगम का प्रतीक बना। संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स प्रदेश के सभी 55 जिलों से कलशों में मिट्टी एकत्रित कर भोपाल लाए थे। इस मिट्टी को पौधे की जड़ों में मिलाकर पूरे प्रदेश को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने सेना और एनसीसी की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न बोलियों और सांस्कृतिक विविधताओं के बावजूद यह आयोजन भारत की एकता और अखंडता को प्रदर्शित करता है।
    मंत्रियों की सौंपा जिम्मा
    समारोह के दौरान सीएम ने कहा-मंत्रिपरिषद के सदस्यों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वे जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोहों में सहभागिता करेंगे। किसान कल्याण वर्ष अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।  इधर, मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मध्यप्रदेश विश्वविख्यात धरोहर स्थलों के कारण अपनी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाता है। कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और इनोवेशन के क्षेत्र में प्रदेश लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मध्यप्रदेश अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। स्थापना दिवस का यह विशेष अवसर राज्य के लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।  
    15 जनवरी को दिखेगी सैन्य शक्ति
    आगामी 15 जनवरी को पहली बार भोपाल की धरती पर सेना दिवस की मुख्य परेड का आयोजन होगा। इस दौरान सेना के आधुनिक टैंक, उन्नत सैन्य तकनीक, युद्ध कौशल, रण हुंकार और कॉम्बैट ड्रिल्स का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। शौर्य स्मारक में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सैन्य प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया, जिसमें 15 जनवरी को होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
    2027 होगा ‘युवा वर्ष’
    मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार का आगामी वर्ष 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जबकि वर्तमान वर्ष 2026 किसान कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित है। प्रदेश के युवा वर्ष का शुभारंभ भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य पुरुषार्थ के साथ होना मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। 1 नवंबर से 15 जनवरी तक पूरे प्रदेश में सेना से जुड़ी विभिन्न जागरूकता और प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
    पीएम के नवाचारों का सराहा
    सीएम ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रक्षा और सैन्य व्यवस्था में किए गए आधुनिक नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना और एनसीसी के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा का संकल्प मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी का अवसर देने के लिए रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया।

Related Articles