राहुल गांधी आज बालाघाट में पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा लगातार राजनीतिक चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज गुरुवार को बालाघाट पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। पिछले 15 दिनों में यह राहुल गांधी का दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है। कांग्रेस इसे आदिवासी समुदाय के साथ संवेदना और न्याय की लड़ाई बता रही है, जबकि भाजपा राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करार दे रही है। ऐसे में बालाघाट दौरे पर पूरे प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी बालाघाट जिले की बैहर तहसील स्थित जलगा गांव जाएंगे। यहां वे उन परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अपने बच्चों को खोया है। बताया गया है कि राहुल गांधी करीब 30 से अधिक बच्चों के माता-पिता से सीधे बातचीत करेंगे और स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण तथा अन्य समस्याओं की जानकारी लेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले स्थित बिरसी हवाई पट्टी पर राहुल गांधी की अगवानी करेंगे। इसके बाद वे सडक़ मार्ग से बालाघाट पहुंचेंगे।
बच्चों की मौत के बाद गरमाई राजनीति
आदिवासी बच्चों की मौत का मामला पिछले कुछ सप्ताह से प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है। राहुल गांधी ने 17 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से दावा किया था कि बालाघाट क्षेत्र में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण, स्वच्छ पेयजल और बीमारियों की रोकथाम को लेकर राज्य सरकार से सवाल पूछे थे। इसके बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरा और प्रदेशभर में इसे बड़ा राजनीतिक विषय बनाया। बच्चों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बालाघाट में न्याय यात्रा भी निकाली थी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की थी।
सरकार ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी बहुत देर से बालाघाट आ रहे हैं और उनका दौरा केवल राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Related Articles