
- फरवरी में नए मुख्यालय से काम शुरू कर सकती है भाजपा
- तीन ब्लॉक, 12 मंजिल तक ऊंचाई और 400 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश भाजपा अब अपने संगठनात्मक कामकाज को नए और बड़े परिसर से संचालित करने की तैयारी में है। दीनदयाल परिसर की भूमि पर बन रहा पार्टी का नया प्रदेश मुख्यालय निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। भवन में इंटीरियर और फिनिशिंग का काम अगले करीब चार महीने में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद जनवरी के अंत या फरवरी 2027 की शुरुआत में नए कार्यालय का लोकार्पण और गृह प्रवेश किया जा सकता है। करीब 1.5 एकड़ में तैयार हो रहे इस परिसर को केवल प्रदेश कार्यालय के तौर पर नहीं, बल्कि संगठन के प्रशासनिक, मीडिया, आवासीय और कार्यकर्ता गतिविधियों के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। परिसर में मुख्य कार्यालय के साथ पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था, प्रशासनिक ब्लॉक, बड़ा ऑडिटोरियम और मल्टीलेवल पार्किंग भी होगी।
नए मुख्यालय को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। मुख्य प्रशासनिक भवन का नाम ‘संकल्प’ रखा जाएगा। यह 11 से 12 मंजिला इमारत होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष का कार्यालय, मीडिया और सोशल मीडिया वार रूम तथा बड़े बैठक कक्ष बनाए जा रहे हैं। दूसरे ब्लॉक का नाम ‘समर्पण’ होगा। चार मंजिला इस हिस्से में प्रदेश और केंद्रीय नेताओं तथा अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा योग और अध्ययन कक्ष भी प्रस्तावित हैं। तीसरा हिस्सा ‘सहयोग’ नाम से सात मंजिला प्रशासनिक ब्लॉक होगा। इसमें कर्मचारियों के कामकाज और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े इंतजाम किए जाएंगे। इस तरह पार्टी के राजनीतिक निर्णय, संगठनात्मक गतिविधियां, मीडिया प्रबंधन और प्रशासनिक कामकाज एक ही परिसर से संचालित करने की व्यवस्था तैयार की जा रही है।
1.25 लाख वर्गफुट तक होगा बिल्ट-अप एरिया
नया मुख्यालय लगभग 65 हजार वर्गफुट जमीन पर विकसित किया जा रहा है। इसका कुल बिल्ट-अप एरिया करीब 1.15 लाख से 1.25 लाख वर्गफुट रहने का अनुमान है। भवन में आधुनिक तकनीक के साथ सोलर पावर और एडवांस्ड बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है। परिसर में एक हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। इसके अलावा 400 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग भी होगी। भवन की डिजाइन में वास्तु के साथ ग्रीन एनर्जी कॉन्सेप्ट को भी शामिल किया गया है।
नए संगठन महामंत्री के लिए पहले तैयार होगा फ्लोर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के लिए दीपावली तक एक फ्लोर तैयार करने की योजना है। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी निर्माण की समीक्षा के दौरान भवन के कम से कम दो फ्लोर को दीपावली तक कामकाज के लिहाज से तैयार करने की बात कह चुके हैं। पूरे परिसर का काम इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। निर्माण समिति के संयोजक उमाशंकर गुप्ता के मुताबिक भवन का निर्माण दिसंबर या जनवरी तक पूरा हो सकता है। जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में नए भवन का लोकार्पण और शुभारंभ संभव है।
दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित होगा नया कार्यालय
नए मुख्यालय को भी पार्टी के पुराने कार्यालय की तरह पंडित दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित किया जाएगा। भाजपा 11 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाती है। इस दिन कार्यकर्ता पार्टी फंड में योगदान देने के साथ अंत्योदय के संकल्प को याद करते हैं। इसी वजह से नए मुख्यालय में गृह प्रवेश के लिए 11 फरवरी या इसके आसपास की तारीख पर विचार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम तारीख पार्टी स्तर पर तय की जानी बाकी है। नए भवन के तैयार होने के साथ भाजपा के प्रदेश संगठन को एक ऐसा परिसर मिलने जा रहा है, जहां प्रदेश नेतृत्व के कार्यालय से लेकर मीडिया प्रबंधन, बैठकों, अतिथियों के ठहरने और बड़े संगठनात्मक आयोजनों तक के लिए अलग-अलग सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
