
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की प्रमुख कैंसर उपचार एवं अनुसंधान संस्था टाटा मेमोरियल अस्पताल की एक इकाई मध्यप्रदेश के विदिशा में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के इस क्षेत्र के कैंसर मरीजों को उपचार के लिए मुंबई और अन्य शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
चौहान ने कहा, ‘‘टाटा मेमोरियल अस्पताल न केवल भारत बल्कि दुनिया की अग्रणी कैंसर उपचार संस्थाओं में गिना जाता है। इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और 15 अगस्त के बाद डे-केयर सुविधाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं विदिशा से लोकसभा सदस्य चौहान ने मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में विदिशा मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर के उद्घाटन के बाद यह बात कही। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए चौहान ने इस शिविर को ‘‘मानव सेवा का एक महान यज्ञ’’ बताते हुए कहा कि जांच के दौरान चिन्हित प्रत्येक मरीज के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘कैंसर शब्द सुनते ही लोग घबरा जाते हैं, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। जांच के बाद चिकित्सक तय करेंगे कि मरीज को दवाओं, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी या सर्जरी में से किस उपचार की आवश्यकता है। हम केवल जांच तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उपचार सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।’’ गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के खिलाफ केंद्र सरकार के टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी राज्यों में उभर रहा है। उन्होंने लोगों से गुटखा, तंबाकू और शराब से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ये कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
