
- राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। पूर्व सांसद और कांग्रेस से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आईं। भाजपा और तीसरी सीट को लेकर उन्होंने कहा हमारा लोकतान्त्रिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है, हम सब लड़ाई में हैं, वी आर ऑन द बैटल। मुझे कांग्रेस विधायकों पर पूरा विश्वास है, लोकतंत्र जीतेगा। मीनाक्षी को कांग्रेस ने राज्यसभा का उम्मीदवार जरूर बना दिया है। लेकिन इससे प्रदेश कांग्रेस ने नेता नाखुश से लगे। मीनाक्षी नटराजन अपनी कार से अकेले ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं, उनके साथ उंगलियों पर गिने जाने लायक कार्यकर्ता ही नजर आये। उनके स्वागत में आये कांग्रेसियों के चेहरे पर खुशी कम और गम ज्यादा नजर आए। कांग्रेस के वे तमाम नेता जो राज्यसभा जाना चाहते थे वे मीनाक्षी नटराजन से कन्नी काटते नजर आए। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने तो सोशल मीडिया पर नटराजन को बधाई तक नहीं दी। नटराजन अकेले ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मिलने पहुंचीं। इसके बाद वे अकेली ही कार से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। कांग्रेस कार्यालय में भी उन्हें देखकर कोई उत्साह नजर नहीं आया। मीडिया से चर्चा में पूर्व सांसद नटराजन ने कहा हम लड़ाई में हैं। मुझे यह अवसर मिला है। जनता की लड़ाई मैं राज्यसभा के माध्यम से लडूंगी। जनता की यह लड़ाई कांग्रेस सडक़ से सदन तक हर जगह लड़ रही है। हमारा मकसद लोकतंत्र को मजबूत करना है। उन्होंने कहा- मेरी राजनैतिक पृष्ठभूमि महीं है। लेकिन जिस अवस्था के लिए हमारे नेता राहुल गाँधी जी लड़ाई लड़ रहे हैं। उसे दिशा में हम सब कांग्रेसी आगे बढ़ा रहे हैं। मैं कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, राहुल जी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और दोनों पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और सभी विधायकों का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मुझे यह अवसर दिया है। आप अकेले आईं ? इस सवाल पर नटराजन ने कहा हमारी लड़ाई विचार की है, हमारे सभी कार्यकर्ता साथी मेरे साथ हैं, जो जहाँ भी है वहीं से कांग्रेस के लिए लड़ रहा है।
तीसरा प्रत्याशी उतारा तब भी बहुमत से जीतेगी कांग्रेस
बैठक के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जीतू पटवारी ने पत्रकारवार्ता में बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण, सकारात्मक और एकजुट वातावरण में हुई। सिंघार ने कहा कि राज्यसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनी गईं सुश्री मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। यदि भारतीय जनता पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है, तब भी कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी। जीतू पटवारी ने कहा कि जनता वैकल्पिक राजनीति, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की प्रतिबद्धता को समझ रही है।
