
- नए सिस्टम के रोडमैप को मिलेगी हरी झंडी
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में अब अगले तीन महीने पदाधिकारियों के चुनाव होंगे। सर कार्यवाह (जनरल सेक्रेटरी) पद पर भी नए सिरे से निर्वाचन होगा। इस महत्वपूर्ण पद पर अभी दत्तात्रेय होसबाले कार्यरत हैं। इंदौर में 2-4 नवंबर तक होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल में नए सिस्टम के रोडमैप (सांगठनिक पुनर्गठन) को हरी झंडी दी जाएगी। इस वर्ष संघ ने अपने प्रशासनिक ढांचे में व्यापक स्तर पर बदलाव का ऐलान किया है। नगर से लेकर क्षेत्र प्रचारकों तक के नए सिरे चुनाव का बिगुल बज गया। चुनावी प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बदलाव के बाद संघ अब नए कलेवर में नजर आएगा। इंदौर के महामंथन में शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा होगी।
फरवरी तक होंगे चुनाव: इंदौर के बाद मार्च 2027 में नागपुर में अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के पहले चुनावी प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में होने वाले संघ के महामंथन में संघ प्रमुख डॉ. भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सहसरकार्यवाह और 400 से अधिक पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
नए संभागीय प्रचारकों को लेकर होगी चर्चा
मध्यप्रदेश सहित देश के सभी प्रांतों में अब संभागीय स्तर पर प्रचारकों की नियुक्ति की जाएगी। मप्र में तीन प्रांतों के स्थान पर अब 7 संभागों का गठन करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, सागर, जबलपुर और रीवा के संभावित संभागीय प्रचारकों के नामों पर भी चर्चा होगी। देश के सभी 46 प्रांतों को अब 90 संभागों में बदलने की तैयारी की गई है। इसी तरह जिलों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
