
- वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या को तोहफा…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। बनारस से पुणे के हडपसर स्टेशन के बीच चलने वाली अत्याधुनिक अमृत भारत ट्रेन के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस नई ट्रेन का संचालन 28 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। रेलवे प्रशासन इसी सप्ताह इसकी समय सारिणी (टाइम टेबल) जारी कर सकता है।
यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के रास्ते संचालित होगी और बनारस से पुणे तक का करीब 28 घंटे का सफर तय करेगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वांचल और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित समय के अनुसार, पुणे से यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन सुबह 7:55 बजे रवाना होगी। यह अगली सुबह करीब 8 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी और दोपहर 12:15 बजे बनारस पहुंचेगी। वहीं, वापसी में बनारस से ट्रेन दोपहर 3 बजे चलेगी, शाम 7:30 बजे छिवकी पहुंचेगी और अगले दिन रात 8:30 बजे पुणे पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव लोनावाला, पनवेल, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी और मिर्जापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर प्रस्तावित है। इससे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत ट्रेन में आधुनिक कोच, बेहतर सीटिंग व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए कई उन्नत सुविधाएं दी जाएंगी। यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक और तेज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, 28 अप्रैल को वाराणसी के प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखा सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि रेलवे की ओर से समय सारिणी जारी होने के बाद ही होगी।
भोपाल से बनारस और पुणे को मिलेगी सीधा कनेक्टिविटी
दूसरा रूट बनारस से हडपसर (पुणे) के बीच है। बनारस से शुरू होने वाली यह अमृत भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इटारसी को सीधा कनेक्टिविटी देगी। बनारस और प्रयागराज के रास्ते यह ट्रेन बीना, रानी कमलाप्रति (भोपाल), नर्मदापुरम और इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद यह हरदा, खंडवा और भुसावल होते हुए पुणे के हड़पसर स्टेशन तक जाएगी। यह ट्रेन खासतौर पर भोपाल और नर्मदापुरम के उन यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी जो पुणे या बनारस की यात्रा करते हैं।
सीएसएमटी-आसनसोल स्पेशल ट्रेन का संचालन
इटारसी होकर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-आसनसोल जंक्शन के मध्य एक तरफ़ा 01 ट्रिप के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव इटारसी, जबलपुर, कटनी एवं सतना स्टेशनों पर है। 01109 सीएसएमटी से आसनसोल स्पेशल ट्रेन का संचालन 25 अप्रैल को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से दोपहर 14:30 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन इटारसी 04:05 बजे, जबलपुर 07:50 बजे, कटनी 09:35 बजे, सतना 11:10 बजे, पहुँचकर और तीसरे दिन सोमवार भोर 04:40 बजे आसनसोल जंक्शन पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं: अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से गैर-बातानुकूलित ट्रेन हैं लेकिन इसमें याबियों की सुविधा के लिए फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल होल्डर, चार्जिग पॉइंट और आधुनिक शौचालयों के साथ बेहतर कुशन वाली सीटें दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दोनो अमृत भारत एक्सप्रेस चलने से तीनो राज्यों के बीच यात्रा के लिए यात्रियों को एक और विकल्प मिल जायेगा। खासतौर से पश्चिम मध्य रेल के यात्रियों को इन दोनों ट्रेनों से काफी फायदा मिलेगा।
