पुलिस महकमे में भरे जाएंगे ड्राइवर के 1000 पद

पुलिस महकमे
  • 15 अक्टूबर से आवेदन, 4 जनवरी से लिखित परीक्षा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। महाकुंभ सिंहस्थ के आयोजन से ठीक पहले मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1000 ड्राइवरों की भी भर्ती की जाएगी। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने पीएचक्यू के प्रस्ताव पर आरक्षक (चालक) के सीधी भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन बुधवार को जारी कर दिया है। इस विशेष भर्ती अभियान के तहत चालकों के सभी पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। ईएसबी द्वारा जारी आधिकारिक नियम पुस्तिका के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए पुलिस की विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) शाखा में 200 और जिला पुलिस बल (डीएफ) में 800 खाली पदों को भरा जाएगा। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 से 29 अक्टूबर तक होगी और आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 3 नवंबर रखी गई है। ईएसबी के मुताबिक इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 4 जनवरी से शुरू होगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगा ड्राइविंग स्किल टेस्ट
परीक्षा में सफल होने वाले आवेदकों का ड्राइविंग स्किल टेस्ट भी लिया जाएगा। इस दौरान उनकी वाहन चलाने की योग्यता परखी जाएगी। इस परीक्षा के लिए सभी 55 जिलों में 58 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। ईएसबी से मिली जानकारी के अनुसार एसएएफ के 200 पदों में से 20 पद भूतपूर्व सैनिकों और 30 पद होमगार्ड के कोटे से भरे जाएंगे। इनमें से ओबीसी के 13 फीसदी पद (26 पोस्ट) का रिजल्ट कोर्ट के आदेश के तहत बंधक रहेगा। इसी तरह जिला बल में भी 800 पदों में से 80 पद भूतपूर्व सैनिकों और 120 पद होमगार्ड के कोटे से भरे जाएंगे। इन पदों में से भी ओबीसी के 105 पदों का परिणाम अदालती आदेश के तहत बंधक रहेगा।

Related Articles