धार में ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर, गुजरात के छह लोगों की मौत

बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर में रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रॉले ने वैन को सामने से ऐसी टक्कर मारी कि वह पिचक गई। वैन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वे गुजरात में वड़ोदरा के रहने वाले थे और उज्जैन से बाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे। गाड़ी की हालत ऐसी थी कि उसकी बॉडी काटकर दो शव निकाले जा सके। हादसा रविवार दोपहर 1 बजे पंचकवास गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर हुआ। सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला। हादसे की भनक लगते ही कलेक्टर, एसपी सचिन शर्मा, एएसपी पारुल बेलापुरकर ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने कहा- वैन में छह लोग सवार थे। ट्रॉला नंबर जीजे 39 डीबी 9248 रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। इसमें लोहे का सामान भरा था। वहीं, मारुति ईको वैन नंबर जीजे17 सीके 6134 उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी।

Related Articles