
बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस रमेश थेटे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। भोपाल की अदालत में चल रहे धोखाधड़ी और चेक बाउंस के केसों की सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। मध्य प्रदेश पुलिस और नागपुर की बेलतरोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने नागपुर के मनीष नगर इलाके से पूर्व आईएएस को हिरासत में लिया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस दल उन्हें लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गया है। भोपाल पहुंचने पर उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहाँ आगे की कार्रवाई अदालत के निर्देशों के अनुसार होगी। गौरतलब है कि रमेश थेटे अपने सेवाकाल के दौरान काफी चर्चित अधिकारी रहे हैं। उन पर लोकायुक्त संगठन द्वारा आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया जा चुका है। इसके अलावा, बैंक से कर्ज लेने के मामलों को लेकर भी वे अक्सर चर्चा में रहे हैं। अदालत के सम्मन की लगातार अवहेलना करने के चलते आखिरकार पुलिस ने उनके खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की है।
