
बिच्छू डॉट कॉम। राज्यसभा के लिए चुनावी घमासान के बीच कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राजकुमार लोहानी को तगड़ा सियासी झटका लगा है। नामांकन पत्रों की आधिकारिक जांच के दौरान प्रक्रियात्मक त्रुटियों के चलते निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया है। इसके साथ ही एक अन्य उम्मीदवार कांते सायन्ना का पर्चा भी जांच में निरस्त कर दिया गया है। दरअसल, जांच पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि राजकुमार लोहानी के नामांकन फॉर्म के साथ निर्वाचन आयोग द्वारा अनिवार्य किया गया शपथ पत्र ‘फॉर्म 26’ संलग्न नहीं था। चुनाव दिशा निर्देशों के मुताबिक जरूरी वैधानिक दस्तावेज पूरे न पाए जाने पर रिटर्निंग ऑफिसर ने नियमानुसार यह सख्त कदम उठाया। दो प्रमुख उम्मीदवारों के चुनावी दौड़ से बाहर होने के बाद राजनीतिक समीकरणों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध चुने जाएंगे।
