
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) को दिए गए गठबंधन प्रस्ताव पर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस प्रस्ताव पर अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिससे गठबंधन की संभावनाओं पर तस्वीर कुछ हद तक साफ हो गई है। ओवैसी के ऑफर पर सवाल होने पर अखिलेश ने बेहद नपी-तुली प्रतिक्रिया देकर कहा, यूपी में अभी चुनाव दूर हैं अभी लोकसभा में हम सब लोग एकसाथ हैं। उनकी यह टिप्पणी आगामी विधानसभा चुनावों में एआईएमआईएम के साथ किसी भी तत्काल गठबंधन की संभावना को खारिज करती दिख रही है। इस बीच, घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने ओवैसी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बी टीम करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ओवैसी से कई बातें कहलवाई जाएंगी और वे खुद भी बहुत कुछ कह सकते है।
