
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लोगों को दिवाली की बधाई दी। प्रधानमंत्री ने हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा, सभी को दिवाली की शुभकामनाएं! देशभर में रहने वाले मेरे सभी परिवारजनों को दिवाली की असीम शुभकामनाएं। इससे पहले शनिवार को भी प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को दिवाली की बधाई दी थी। पीएम मोदी ने कहा, दिवाली के अवसर पर पूरा देश रोशनी से जगमगा उठता है। रोशनी का यह त्योहार अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा, यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। आप सभी की तरह मैं भी इस त्योहार को पूरे उत्साह के साथ मनाता हूं। हर साल की तरह इस बार भी मैं देश के वीर जवानों के साथ दिवाली मनाऊंगा।
