
बिहार की राजधानी पटना के शेरपुर गंगा घाट के पास शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच लगभग 20 मिनट तक भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस दल पर 24 राउंड फायरिंग की, जिसमें मनेर थाना के एसएचओ रजनीश कुमार के हाथ में गोली लगने से वह जख्मी हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी 18 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें तीन पेशेवर शूटर राजा शर्मा, बबलू कुमार यादव और जेपी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही तीनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मारे गए अपराधी सुपारी लेकर हत्याएं करने वाले पेशेवर शूटर थे। मौके से एक देशी पिस्टल और दो देशी कट्टे बरामद किए गए हैं। एनकाउंटर के बाद परिजनों ने फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए अस्पताल में पांच घंटे तक हंगामा किया। उग्र भीड़ ने पुलिस के साथ हाथापाई और पथराव करते हुए कई गाडिय़ों के शीशे तोड़ दिए।
