भीषण हादसा: बद्रीनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, छह लोगों की मौत

भीषण हादसा

बिच्छू डॉट कॉम। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक भीषण विमान हादसा हो गया। जहां बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश हो गया। इस हादसे में पायलट समेत सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के इस हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ते ही अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम से भी इसकी लोकेशन गायब हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के अनुसार, जेपी डैम के ऊपर जंगल में एक सफेद वस्तु में आग लगने की खबर मिली थी, जिसके बाद दो हेलीकॉप्टरों को जांच के लिए भेजा गया। आखिरकार पांडुकेश्वर सडक़ से सात किमी दूर पैदल दुर्गम रास्ते पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिला। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि उत्तराखंड के कई हिस्सों में हो रही बारिश, बर्फबारी और खराब मौसम की वजह से यह हादसा हुआ होगा, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles