डीपीसी के 3 माह बाद भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पोस्टिंग का इंतजार

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पदोन्नति और नई पदस्थापना की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है। 13 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक के बाद भी पदस्थापना की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अधिकारियों का इंतजार बढ़ रहा है। इस प्रक्रिया में पदोन्नति के साथ जिला बदलने के मापदंडों और मौजूदा पदस्थापनाओं को लेकर भी निर्णय होना है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, तीन माह पहले करीब 92 से अधिक अधिकारियों के लिए डीपीसी हो चुकी है। इधर, राज्य मंत्री (स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) नरेंद्र शिवाजी पटेल ने 17 सितंबर को बयान दिया था कि एक सप्ताह के भीतर पदोन्नति और पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। हालांकि, आज तक आदेश जारी नहीं हुए हैं। वहीं, इससे पहले 6 अक्टूबर को औषधि निरीक्षकों की पदोन्नति और पदस्थापना संबंधी सूची जारी हो चुकी है। पदोन्नति के बाद पोस्टिंग को लेकर तैयार नोटशीट में एक ही स्थान या जिले में तीन साल या अधिक समय से जमे अफसरों को दूसरे जिले में भेजने का प्रावधान था।

Related Articles