मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने मुख्यमंत्री निवास में भेंट की। उन्होंने सऊदी अरब में उमराह के लिए गए प्रदेश के 300 जायरीनो की सुरक्षित और शीघ्र भारत वापसी के लिए पहल करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को डॉ. सनवर पटेल ने इस संबंध में पत्र भी सौंपा। डॉ पटेल ने बताया कि पश्चिमी एशिया की वर्तमान परिस्थितियों और हवाई सेवाओं में व्यवधान के कारण सऊदी अरब में उमरा के लिए गए जायरीनो को निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रुकने से आवास, भोजन, दवाइयों आदि पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में विदेश मंत्रालय एवं अन्य से बात करने का आश्वासन दिया।
