आज से लागू: काउंटर टिकट पर बीमा का करना होगा डिजिटल पेमेंट

रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, मंगलवार से रेलवे के रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट खरीदते समय वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस लेने वाले यात्रियों को डिजिटल पेमेंट करना होगा। इंश्योरेंस का प्रीमियम 45 पैसे प्रति यात्री है। इसे नकद में नहीं लिया जाएगा। पहले ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रैवल इंश्योरेंस लेने की सुविधा थी। अब, यह सुविधा रेलवे के फिजिकल रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने वालों को भी मिलेगी। टिकट बुकिंग के समय कन्फर्म, आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट पात्र हैं। रेलवे बोर्ड के मुताबिक, टिकट रद्द होने पर 45 पैसे के प्रीमियम में से 9 पैसे काटे जाएंगे, इसके अलावा लागू टिकट कैंसिलेशन शुल्क भी लगेगा। योजना के तहत सभी करों सहित प्रति यात्री मात्र 45 पैसे प्रीमियम तय किया गया है। 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे इसमें शामिल नहीं होंगे। रेल दुर्घटना की स्थिति में मृत्यु अथवा स्थायी पूर्ण दिव्यांगता होने पर 10 लाख, स्थायी आंशिक दिव्यांगता पर 7.50 लाख और घायल होने पर अस्पताल में इलाज के लिए 2 लाख तक का बीमा कवर दिया जाएगा।

Related Articles