
- प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद बिप्लव कुमार देव 30 सितंबर को पहली बार भोपाल पहुंचेंगे। दो दिन के प्रवास में वे संगठन को बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक समझने की कोशिश करेंगे। उनके कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के घर चाय-भोजन से लेकर प्रदेश कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों के साथ बैठक शामिल है। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। देव 30 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां से लालघाटी स्थित बूढ़े हनुमान मंदिर और गुफा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे। इसके बाद दोपहर में बूथ नंबर 69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के शास्त्री नगर स्थित निवास पर भोजन करेंगे। इसके बाद पूर्व राज्यपाल और पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन कप्तान सिंह सोलंकी से उनके निवास पर मुलाकात का कार्यक्रम है। प्रदेश प्रभारी बूथ नंबर 49 के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के कोटरा सुल्तानाबाद स्थित निवास पर चाय पीने जाएंगे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से उनके निवास पर मुलाकात करेंगे। शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। रात में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। एक अक्टूबर को देव प्रदेश पदाधिकारियों व संभाग प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।
