
बिच्छू डॉट कॉम। विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक से 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगनाथनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय की टीम ने वारदात के मास्टरमाइंड मियम शेट्टी को मुंबई से गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मियम शेट्टी ही पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य सूत्रधार है। उसी ने स्काईलूम स्पार्क प्राइवेट लिमिटेड नाम से फर्जी कंपनी का बैंक खाता खुलवाया था, जिसमें ठगी की 1 करोड़ 16 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर कराई गई थी। करीब 17 दिन पहले मुंबई से पकड़े गए रिजवान मलिक और अब्दुल जब्बार से पूछताछ के बाद मियम का नाम सामने आया था। ठगों ने शेष 33.60 लाख रुपये इंडसइंड बैंक के खाते में ट्रांसफर कराए थे।
