एमपी के नए डीजीपी की दौड़ में 12 आईपीएस

  • सरकार की बड़ी कवायद…
  • नए डीजीपी की दौड़ में वरुण, उपेंद्र और प्रज्ञा ऋचा सबसे मजबूत दावेदार

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश के अगले पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने डीजी और स्पेशल डीजी स्तर के 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार कर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेज दिया है। यूपीएससी की चयन समिति इस पैनल का परीक्षण कर तीन अधिकारियों के नामों की संस्तुति राज्य सरकार को भेजेगी। इसके बाद सरकार एक नाम का चयन करेगी, जो 1 दिसंबर से प्रदेश के नए पुलिस मुखिया के रूप में कार्यभार संभालेगा। डीजीपी पद की दौड़ में 1991 बैच के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं। इनमें वर्तमान जेल महानिदेशक वरुण कपूर, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के महानिदेशक उपेंद्र जैन और होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। वरिष्ठता के आधार पर वरुण कपूर सबसे आगे हैं, जबकि प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर उपेंद्र जैन को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ अधिकारी होने के साथ ही उनकी प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का अनुभव उनके पक्ष में माना जा रहा है। वहीं, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम भी प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। यदि महिला नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाती है तो उनके चयन की संभावना बढ़ सकती है। उनके चयन की स्थिति में मध्य प्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल सकती हैं।
अंतिम फैसला केंद्र की सहमति से: सूत्रों के अनुसार डीजीपी नियुक्ति प्रक्रिया में केंद्र सरकार और विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्रालय की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। यूपीएससी द्वारा भेजे जाने वाले अंतिम पैनल में शामिल नामों पर विचार के बाद राज्य सरकार नियुक्ति का निर्णय लेगी।
1 दिसंबर 2024 को डीजीपी ने संभाला था पद
मध्यप्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल इसी साल नवंबर में खत्म हो जाएगा। 23 नवंबर 2024 को सरकार ने डीजीपी के लिए उनके नाम का ऐलान किया था। 1 दिसंबर को कैलाश मकवाना ने मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक यानि डीजीपी पद संभाला था। एमपी के डीजीपी कैलाश मकवाना दो माह बाद रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने हाल में ही 38 साल की सेवा अवधि पूर्ण होने पर भावुक ट्वीट किया। इस मौके पर डीजीपी कैलाश मकवाना ने अपनी कई पुरानी तस्वीरें साझा कीं।

Related Articles