छात्रों की गूंज-कांग्रेस ने आईडीए को जमा किए 10 लाख रुपए

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। इंदौर में कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर 10 लाख रुपए आईडीए को जमा कर दिए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि हमने 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान किराए पर लिया है। शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि हमने आरटीजीएस के माध्यम से आईडीए के खाते में राशि जमा की है। हमें लगता है कि अब अनुमति को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। मंगलवार को आधिकारिक रूप से अनुमति मिल जाएगी। शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम स्थल के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) को 10 लाख 8 हजार एक सौ 75 रुपए जमा करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस पहले ही इस मैदान के लिए आवेदन कर चुकी थी। कांग्रेस अपने कार्यक्रम के लिए इस आयोजन स्थल को भारत जोड़ो मैदान नाम देगी। बैठक में कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने पर जोर दिया गया। इसके लिए कांग्रेस की ओर से सुबह से रात तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है। दरअसल, रीजनल पार्क के सामने, आईडीए के मैदान को लेकर कांग्रेस ने आईडीए से अनुमति मांगी थी। इस पर आईडीए की तरफ से कहा गया कि उन्हें 10 लाख 8 हजार 175 रुपए जमा करने होंगे।
शहर अध्यक्ष बोले- अड़ंगा डालने का प्रयास किया जा रहा बैठक से पहले शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि पूरे देश में भाजपा को राहुल गांधी का फोबिया हो गया है और उनके कार्यक्रमों में अड़ंगा डालने का प्रयास किया जा रहा है। चौकसे ने कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी के कार्यक्रम होते हैं, वहां किसी न किसी तरीके से उन्हें रोकने या बाधा डालने का प्रयास किया जाता है। इंदौर में भी ग्राउंड को लेकर कानून और नियमों का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रीजनल पार्क में पहले भी कई राजनीतिक कार्यक्रम हो चुके हैं।

Related Articles