
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को अब नई दिशा मिलेगी। बुधवार को अयोध्या स्थित मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला सीईओ चुनने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ आमंत्रित सदस्य भी मौजूद रहे। राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि सीईओ पद के लिए 16 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए गए थे। इनमें से तीन नाम एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह और श्रुति भारद्वाज शॉर्टलिस्ट किए गए थे, जिनमें से अंतिम रूप से जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई गई। राम मंदिर के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी को ट्रस्ट का नया महासचिव नियुक्त किया गया है। बैठक के दौरान ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अयोध्या के मदन मोहन पांडेय पेशे से वकील, राम जन्मभूमि-बाबरी विवाद मामले में रामलला की ओर से पैरवी करने वाली कानूनी टीम का हिस्सा रहे हैं।
