
बिच्छू डॉट कॉम। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि अमेरिका के साथ हुआ शांति समझौता ईरान, पश्चिम एशिया और पूरी दुनिया के हित में है। तेहरान में एक समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि समझौते के लागू होने के बाद अमेरिका और इस्राइल क्षेत्र में अराजकता, आक्रामकता और असुरक्षा पैदा नहीं कर पाएंगे। इससे क्षेत्र के देश स्थिरता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ सकेंगे। यह जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित बयान में दी गई है। पेजेशकियन ने मुस्लिम देशों के बीच एकता और एकजुटता बढ़ाकर दुश्मनों की नापाक साजिशों को नाकाम करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईरान ने कभी युद्ध शुरू नहीं किया है। उन्होंने कहा, हम युद्ध का स्वागत नहीं करते, लेकिन किसी भी हमलावर के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे और कोई भी ताकत उस राष्ट्र को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर नहीं कर सकती, जो अपनी पूरी ताकत और इच्छाशक्ति के साथ खड़ा है।
