
बिच्छू डॉट कॉम। फ्रांस में महंगाई, बढ़ते जीवनयापन खर्च और सरकारी बजट में कटौती के खिलाफ शनिवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों और जेंडरमेरी जवानों को तैनात किया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस इकाइयों, बख्तरबंद वाहनों, पानी की बौछार करने वाले वाहनों, हेलीकॉप्टरों और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की है। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने शुक्रवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि सुरक्षा बल किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कट्टर वामपंथी समूहों की ओर से हिंसा के लिए उकसाए जाने का दावा भी किया। उनके मुताबिक, आतंकवाद विरोधी और बंधकों को छुड़ाने जैसे विशेष अभियानों में इस्तेमाल होने वाली इकाइयों को भी तैनात किया जाएगा। पिछले शनिवार को महंगाई के खिलाफ प्रदर्शनों में पांच लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया था।
