
बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय सेना तथा जवानों से जुड़े ‘हेट स्पीच’ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को फिलहाल राहत मिल गई है। कृष्णानगर अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट ने 31 अगस्त या अगले आदेश तक उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है। केस की अगली सुनवाई 27 अगस्त को होगी। निचली अदालत ने बार-बार समन के बावजूद महुआ के व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं होने पर 18 अगस्त को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। सोमवार को सुनवाई के दौरान सरकारी वकील कल्लोल मंडल ने इसकी जानकारी दी। न्यायमूर्ति ने पूछा कि मामला संज्ञान के चरण में ही क्यों नहीं उठाया गया।
