जिनकी काली कमाई बंद हुई वे चीखते रहें, मैं लीकेज रोकता रहूंगा: पीएम मोदी

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के तेजी से बदलते डिजिटल परिदृश्य और टेलीकॉम सेक्टर की उपलब्धियों का पूरा ब्योरा देश और दुनिया के सामने रखा। पीएम ने कहा कि आज भारत में मोबाइल फोन सिर्फ गपशप या चैटिंग का जरिया नहीं रहा, बल्कि यह आम नागरिकों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। अब बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तर जैसी सैकड़ों सेवाएं हर नागरिक के फोन में सिमट चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक लगभग 50 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। पारदर्शी डिजिटल ट्रांसफर की वजह से फर्जीवाड़े और दलाली पर लगाम लगी है। इस पूरी व्यवस्था से 5 लाख करोड़ गलत हाथों और लीकेज में जाने से बच गए। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4 लाख करोड़ सीधे किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं, जो हर 4 महीने में बिना किसी रुकावट के उन तक पहुंचते हैं। लीकेज रोकने पर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए पीएम मोदी ने कहा-जिन लोगों की काली और मुफ्त की कमाई बंद हो गई है, वे जाहिर तौर पर मोदी को पसंद नहीं करेंगे।


Related Articles