महाकाल की नगरी में गूंजेगा कांग्रेस का शंखनाद

  • राहुल गांधी के दौरे से मालवा-निमाड़ में बढ़ेगा उत्साह

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन जल्द ही एक बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रम की साक्षी बनने जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित उज्जैन दौरा सितंबर में प्रस्तावित है, जिसे लेकर पूरे मालवा और निमाड़ अंचल के कांग्रेसियों में ऊर्जा और उत्साह की नई लहर दौड़ गई है। राहुल गांधी अपने इस दौरे की शुरुआत विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दर पर मत्था टेककर आशीर्वाद लेने के साथ करेंगे। उज्जैन नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि यह दौरा महज एक औपचारिक यात्रा न होकर मध्य प्रदेश में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर पुनर्जीवित करने और संगठन को बूथ स्तर तक नई धार देने का बड़ा जरिया बनने जा रहा है। दौरे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल बड़े नेताओं का जमघट नहीं होगा, बल्कि संगठन सृजन अभियान के तहत राहुल गांधी सीधे जमीनी सिपाहियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की वास्तविक नब्ज टटोलेंगे। इस भव्य संवाद कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच के हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। राहुल गांधी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ-साथ मंडल, ग्राम पंचायत अध्यक्षों और बीएलए-2 स्तर के समर्पित कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू होकर बूथ स्तर की वास्तविक स्थिति, संगठन की सक्रियता और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर फीडबैक लेंगे।

Related Articles