- सिंघार बोले- भाजपा पुलिस राज चला रही

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
एमपी में भाजपा की सरकार में 62 लाख केस छोटी-छोटी धाराओं में दर्ज किए गए हैं। इनमें ज्यादातर सरकार के दबाव में कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ता पर दर्ज किए गए हैं। बीजेपी की सरकार में दर्ज किए गए फर्जी केसों के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी। दूसरी तरफ जून के महीने में हुए राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन फॉर्म खारिज किए जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी मप्र विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के खिलाफ कोर्ट में केस दायर करेगी। ये बातें भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एमपी कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की मीटिंग के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही हैं। दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद आज भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई गई। बैठक में दतिया से नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह को नेताओं ने बधाई दी।
सिंघार बोले- आगामी चुनावों की रणनीति बनेगी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पीएसी की बैठक के पहले निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई के सवाल पर कहा कि जो निष्क्रिय रहेगा, वह पार्टी का सदस्य रहेगा, लेकिन पद पर काम नहीं करेगा। नकुल नाथ के बैठक में आने के सवाल पर सिंघार ने कहा- आएं तो स्वागत है, पार्टी के कार्यकर्ता हैं वो। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया ने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इससे संकेत मिलता है कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और आने वाला समय कांग्रेस का होगा। भूरिया ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना को लेकर भी सरकार पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। जीतू पटवारी के परिवार पर कार्रवाई को लेकर भूरिया ने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और पटवारी के भाई को परेशान किया जा रहा है।
हमारी सरकार आएगी तो हम हटाएंगे
मप्र के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- मप्र में 62 लाख से ज्यादा दलित, आदिवासी, पिछड़े, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज हुए हैं। भाजपा जिस प्रकार से शासन चला रही है, उसकी जानकारी विधानसभा में दी गई। अगर 62 लाख केस छोटी-छोटी धाराओं में बनाए गए हैं तो इससे समझा जा सकता है कि भारतीय जनता पार्टी पुलिस राज चला रही है। जिन लोगों पर केस लगे हैं, हमारी सरकार आने पर हम उन केसों को हटाएंगे। लेकिन जब तक सरकार नहीं आती, हम उनके सम्मान में खड़े रहेंगे।
कमलनाथ, दिग्विजय नहीं आए
इसमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत समिति के सदस्यगण शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक, दिग्विजय सिंह विदेश में होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाएं, जबकि कमलनाथ की तबीयत खराब होने के चलते वे भी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। बैठक में दिग्विजय सिंह वर्चुअल जुड़े।
