
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) मंत्री एवं मंडला जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके का सादगीपूर्ण अंदाज इन दिनों चर्चा में है। रविवार को वह अपने गृह ग्राम टिकरवारा पहुंचीं, जहां उन्होंने खेत में उतरकर महिला श्रमिकों और किसानों के साथ पारंपरिक तरीके से धान की रोपाई की। मंत्री संपतिया उइके ने साड़ी समेटकर नंगे पैर कीचड़ भरे खेत में उतरकर धान रोपा और महिला मजदूरों का हाथ बंटाया। इस दौरान उन्होंने किसानों से खरीफ फसल की स्थिति, खेती-किसानी की चुनौतियों और कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। खेत में काम करते हुए उन्होंने ग्रामीणों के साथ बातचीत की और हल्के-फुल्के अंदाज में समय भी बिताया।
