
पुलिस लाइन परिसर में बने नए कंट्रोल रूम का उद्घाटन कराने के लिए मुख्यमंत्री का काफिला रोकने वाले टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को हटा दिया गया है। सीएम से स्थानीय नेताओं ने पुलिस अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया था। उनके स्थान पर श्योपुर के पुलिस कप्तान सुधीर कुमार अग्रवाल को टीकमगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ प्रवास पर थे। जब वे रेलवे स्टेशन और उत्सव भवन में कार्यक्रमों के बाद पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड लौट रहे थे, तभी एसपी मंडलोई के निर्देश पर स्कूली बच्चों और मुख्यमंत्री का काफिला बीच रास्ते में रुकवा दिया। बताया गया है कि एसपी मंडलोई सीएम से सिविल लाइन में बने नए कंट्रोल रूम भवन का लोकार्पण कराना चाहते थे। लेकिन यह कार्यक्रम सीएम के सरकारी दौरे में शामिल नहीं था। सीएम के काफिले को अचानक रुकवाने का प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया और इसका खामियाजा मंडलोई को टीकमगढ़ पुलिस कप्तान की कुर्सी गंवाकर भुगतना पड़ा। उन्हें पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
