
ब्रिटेन की राजनीति में सोमवार को ऐतिहासिक उथल-पुथल मच गया। पीएम कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी के अंदर बढ़ते असंतोष, संसदीय विद्रोह और हालिया उपचुनावों में मिली हार के दबाव में लिया गया यह फैसला ब्रिटिश राजनीति का नया मोड़ साबित हो रहा है। स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ही ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम लेबर पार्टी के नए नेता और ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। इस्तीफे की घोषणा करते हुए स्टार्मर ने कहा कि मैंने हर फैसला देश को पहले रखते हुए लिया। अब समय आ गया है कि पार्टी नया नेतृत्व चुनकर आगे बढ़े। मैं अपने उत्तराधिकारी को पूर्ण समर्थन दूंगा और सत्ता का सुचारू, शांतिपूर्ण व व्यवस्थित हस्तांतरण सुनिश्चित करूंगा। इस दौरान स्टार्मर भावुक भी हुए और अपनी पत्नी विक को अपना ‘रॉक’ तथा बच्चों को ‘गर्व’ बताया।
