
बिच्छू डॉट कॉम। भारत ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दुनियाभर के विवि को पछाड़ते हुए देश की 52 यूनिवर्सिटीज ने वल्र्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में जगह बनाई है। रैंकिंग गुरुवार को जारी की गई। इसके साथ ही भारत विश्व का पांचवा सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला हायर एजुकेशन सिस्टम बन गया है। वहीं आईआईटी दिल्ली ने एक बार फिर भारत के सबसे अच्छे एजुकेशन और रिसर्च संस्थान के तौर पर अपनी जगह बनाई है। गुरुवार को जारी क्यूएस वल्र्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में संस्थान ने अपनी स्थिति में सुधार करते हुए वैश्विक स्तर पर 118वां स्थान हासिल किया है। क्यूएस वल्र्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में आईआईटी दिल्ली ने 123वीं रैंक से लंबी छलांग लगाकर 118वां ग्लोबल रैंक हासिल किया है, यह देश के उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। 118वीं रैंक के साथ, आईआईटी दिल्ली ने वल्र्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में किसी भारतीय संस्थान द्वारा अब तक हासिल की गई सबसे ऊंची ग्लोबल रैंक की बराबरी भी कर ली है। रैंकिग में आईआईटी दिल्ली के बाद भारतीय संस्थानों में, आईआईटी बॉम्बे वैश्विक स्तर पर 134वें स्थान पर रहा।
