
बिच्छू डॉट कॉम। हाईकोर्ट ने मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) को राहत देते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर (कंप्यूटर विज्ञान) भर्ती परीक्षा 2024 के रिजल्ट घोषित करने की सशर्त मंजूरी दी है। जस्टिस प्रणय वर्मा, जस्टिस जेके पिल्लई की वेकेशन बेंच ने शुक्रवार को 21 मामलों पर पीएससी को अनुमति देते कहा है कि याचिकाकर्ताओं के रिजल्ट सीलबंद लिफाफे में रखे जाएं ताकि जरूरत पडऩे पर वो आगे कोर्ट में पेश किए जा सकें। अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी। कोर्ट में ये 21 मामले छतरपुर के अतिथि विद्वान हरचंडी अहिरवार व अन्य की ओर से दाखिल किए गए हैं। इन मामलों में सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के लिए उच्च शिक्षा विभाग और एमपीपीएससी द्वारा 24 और 30 दिसंबर 2024 को जारी विज्ञापनों को चुनौती दी है। इन मामलों पर 17 मार्च को सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा था कि जिन भी याचिकाकर्ताओं ने लिखित परीक्षा पास कर ली है, उन्हें इंटरव्यू में शामिल किया जाए, लेकिन कोर्ट की अनुमति के बिना इंटरव्यू के नतीजे घोषित न किए जाएं। सरकार की ओर से उप महाधिवक्ता अभिजीत अवस्थी, आयोग की ओर से अधिवक्ता आदित्य पचौरी ने दलीलें रखीं।
