
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को एक बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन के साथ जारी युद्ध को पूरी तरह खत्म करने के लिए राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से किसी तीसरे देश में मिलने को तैयार हैं। यह पहली बार है जब पुतिन ने रूस से बाहर किसी अन्य देश में मुलाकात की संभावना जताई है। विक्ट्री डे परेड के बाद मीडिया से बात करते हुए पुतिन ने साफ किया कि उन्होंने कभी भी अपने यूक्रेनी समकक्ष के साथ बातचीत से इनकार नहीं किया है। पुतिन ने इस मुलाकात के लिए एक अहम शर्त भी रखी है। उन्होंने कहा कि तीसरे देश में बैठक तभी हो सकती है जब दोनों देशों के बीच एक पूर्ण और लंबे समय तक चलने वाला शांति समझौता तय हो जाए। पुतिन के मुताबिक, यह मुलाकात केवल समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए होगी, न कि बातचीत करने के लिए। उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेनी पक्ष मिलना चाहता है, तो वे मॉस्को भी आ सकते हैं। पुतिन ने स्पष्ट किया कि मुलाकात किसी भी समझौते का आखिरी कदम होना चाहिए, न कि बातचीत की शुरुआत।
