भोपाल देहात में फार्म हाउसों पर कॉम्बिंग गश्त

  • लिस्टेड बदमाशों के ठिकानों पर भी दी दबिश

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
एसपी देहात (देहात) रामशरण प्रजापति के निर्देश पर शनिवार-रविवार रात को ईटखेड़ी संभाग में कॉम्बिंग गश्त की गई। अभियान के दौरान गुंडे-बदमाशों के साथ ही इलाके में स्थित फार्म हाउस भी पुलिस की राडार पर रहे। अफसरों से मिली जानकारी के अनुसार फरार अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिये 24-25 अप्रैल 26 की रात को कॉम्बिंग गश्त एवं फार्म हाउस सर्चिंग अभियान चलाया गया। रात भर जारी इस सघन सर्च अभियान में अभियान में ईटखेड़ी, परवलिया सडक़, सूखी सेवनिया, बिलखिरिया थाना पुलिस के साथ ही रक्षित केंद्र भोपाल देहात की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। अलसुबह तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस टीमो ने थाना ईटखेड़ी क्षेत्र के 22 और परवलिया सडक़ क्षेत्र के 9 फार्म हाउसों की गहन चेकिंग की। पुलिस टीमों द्वारा फार्म हाउसों पर पहुंचकर हर कोने की बारीकी से जांच की गई। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर सरप्राइज दबिश देकर उनके वर्तमान की दिनचर्या और किये जाने वाले काम के बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें अपराध जगत से दूर रहने की नसीहत दी गई। एसपी देहात के निर्देशन में किये गये इस अभियान का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ईटखेड़ी मंजू चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बिलखिरिया अंतिमा समाधिया के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है, कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles