
- …तो बीजेपी सांसद हैं लापता
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के गिरने पर प्रदेश में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच वॉर शुरू हो गया है। भाजपा नेता सीधे तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निशाना बना रहे हैं। भाजपा ने इसे राहुल का आखिरी तीर चलाने के बाद वांटेड बताया जा रहा है। वहीं भाजपा के इस तीर का जवाब देने में कांग्रेस के नेता भी पीछे नहीं रह रहे हैं। कांग्रेस ने भी भाजपा सांसदों को किसान विरोधी बिताते हुए लापता घोषित कर दिया है। संसद में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम विपक्ष की एकजुटता से गिर गया था। सरकार इसे महिला अस्मिता से जोड़ रही है और इसे कांग्रेस की साजिश बताते हुए पूरी भाजपा सडक़ पर उतर आई है। प्रदेश भर में भाजपा के दिग्गज कांग्रेस पर सीधा हमला कर नाराजगी जता रहे हैं। देवास से भाजपा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपना विरोध पोस्टर के जरिए जताया है। उन्होंने राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर वायरल किए हैं। इसमें राहुल गांधी को तीर चलाते हुए दिखाया गया है साथ ही नीचे बड़े शब्दों में वांटेड लिखा है। रविवार को इन पोस्टर से प्रदेश की राजनीतिक गहमागहमी का माहौल बन गया। इस खींचतान के बीच कालापीपल से कांग्रेस विधायक रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने भी एक पोस्टर जारी कर जवाब दिया है। पोस्टर्स को लेकर दोनों दलों के बीच सोशल मीडिया से लेकर सडक़ों तक खींचतान है।
कुणाल ने लिखा – किसानों के डर से छिपे सोलंकी: भाजपा सांसद के पोस्ट के जवाब में कांग्रेस सचिव कुणाल चौधरी ने भी इसी अंदाज में पलटवार कर सोलंकी के लापता होने के पोस्टर सोशल मीडिया पर डाल दिए। कुणाल ने फेसबुक पर मिसिंग पोस्टर जारी करते हुए लिखा जो खुद अपने संसदीय क्षेत्र से गायब है और किसानों के डर से छिपा हुआ है, वह राहुल गांधी को वांटेड बता रहा है। इस पोस्ट में सोलंकी को गुमशुदा सांसद बताते हुए जनता की नाराजगी भी दिखाई गई है।
भाजपा सांसद ने ऐसे किया हमला
महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल के गिरने पर सांसद सोलंकी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर राहुल गांधी को वांटेड बताते हुए एक पोस्ट शेयर की। भाजपा सांसद ने राहुल गांधी पर नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। अपनी पोस्ट के साथ बीजेपी सांसद ने राहुल को तीर चलाते हुए दिखाया है और उसमें टिप्पणी करते हुए लिखा है आखिरी बार तीर चलाते हुए देखा गया।
