
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अवैध शराब, भू-माफिया और विकास कार्यों को लेकर कड़े तेवर दिखाए। स्पष्ट निर्देश दिए कि आदिवासियों की पट्टे की जमीन का सौदा करने वालों और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए उन्होंने यह भी कहा कि चाहे किसी नेता का या उनका अपना संरक्षण क्यों न हो, ऐसे माफिया को बिल्कुल न बख्शा जाए। इस अभियान की शुरुआत दूरस्थ इलाकों के बजाय सीधे गुना शहर से की जाए। विकास कार्यों की समयसीमा और गुणवत्ता पर भी अफसरों को जवाबदेह रहने को कहा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, विधायक पन्नालाल शाक्य, ऋषि अग्नवाल, प्रियंका पैंची, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी हितिका वासल आदि अफसर मौजूद रहे। कैंट चौराहे से गुलाबगंज तक सडक़ की मांग को लेकर रहवासियों ने सिंधिया को ज्ञापन दिया। कुछ ने कहा कि सडक़ नहीं बनी तो वोट मांगने आने वालों को वोट नहीं देंगे। इस पर सिंधिया ने कहा, ऐसी भाषाशैली का इस्तेमाल न करें।
