
बिच्छू डॉट कॉम। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की की 157वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 2 से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में नशामुक्ति रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, ग्राम सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऑनलाइन शपथ सहित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सप्ताह के प्रत्येक दिन आयोजित कार्यक्रमों में शामिल विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों को भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान के ऑनलाइन पोर्टल पर ई-प्लेज के माध्यम से नशा नहीं करने की ऑनलाइन शपथ दिलाई जाएगी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग आयुक्त केजी तिवारी ने सभी कलेक्टरों, जिला पंचायतों के सीईओ तथा विभागीय संयुक्त एवं उप संचालकों को सप्ताह के आयोजन के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।
