गांधीसागर में सीएम 17 सितंबर को रिलीज करेंगे मादा चीता

भारत में चीता पुनर्वास परियोजना के चार वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मध्यप्रदेश में चीता संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। कूनो नेशनल पार्क की एक मादा चीता को 17 सितंबर को गांधीसागर सेंक्चुरी में छोड़े जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके तहत मादा चीता को गांधीसागर में रिलीज करेंगे। गांधीसागर में फिलहाल दो नर और एक मादा चीता मौजूद हैं। कूनो के बाद अब गांधीसागर को चीता संरक्षण परियोजना के दूसरे प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर वन विभाग का फोकस है। यहां चीतों के लिए आवश्यक वन क्षेत्र, पर्याप्त शिकार आधार और अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कूनो से निर्वा और वीरा में से किसी एक मादा चीता को गांधीसागर भेजे जाने की संभावना है। इसके लिए संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मादा चीता को नए क्षेत्र में छोडऩे का उद्देश्य गांधीसागर में चीतों का कुनबा बढ़ाने और यहां उनके लिए स्थायी आवास विकसित करना है। कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास परियोजना के तहत 17 सितंबर 2022 को पहली बार नामीबिया से चीते लाए गए थे।

Related Articles