
किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेताओं और किसानों पर दर्ज एफआईआर को लेकर शनिवार को सियासत तेज हो गई। इस मामले में सिंघार ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आवाज उठाने पर सरकार ने समाधान की जगह एफआईआर का रास्ता चुना। नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा- भाजपा सरकार किसानों से डर गई है। किसानों के हक की आवाज उठी तो भाजपा ने समाधान नहीं, एफआईआर का रास्ता चुना। नेता प्रतिपक्ष ने अपने एक अन्य पोस्ट में मंत्री विजय शाह से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर भी सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने लिखा कि मंत्री विजय शाह के मामले में सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी भाजपा सरकार के चरित्र को उजागर करती है।
