
दतिया उप चुनाव जीतने के बाद प्रदेश कांग्रेस अब इंदौर में डेरा डालेगी। ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर के सभी पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल सहित अन्य आनुषंगिक दलों के पदाधिकारी एक साथ जुटेंगे। इसके लिए गुरुवार को दिल्ली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का दोपहर बाद संदेश आया। इधर, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि 11 अगस्त को भोपाल में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सभी वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहेंगे। इसके बाद इंदौर में डेरा डाला जाएगा। संभावना है कि राहुल गांधी भी शामिल होंगे। नायक ने बताया कि बैठक में प्रदेश में विपक्ष की भूमिका को और अधिक जनोन्मुखी, प्रभावी तथा जमीनी स्तर तक ले जाने की रणनीति तय की जाएगी।
