
मप्र कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक 11 अगस्त को भोपाल में होगी। इस बैठक में सभी बड़े नेताओं को शामिल होने के लिए कहा गया है। इनमें पूर्व सीएम कमलनाथ भी इस बार शामिल होंगे। बैठक को लेकर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पीएसी के सभी वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के परिवार के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर चर्चा होगी और इस बार इंदौर पर फोकस होगा। नायक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतिशोध की राजनीति करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उनके सहयोगियों व कांग्रेस नेताओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। इंदौर पुलिस कभी भी पटवारी के किसी भी परिजन को बुला लेती है, घंटों बैठाती है। ऐसे ही कांग्रेस नेताओं के साथ किया जा रहा है।
