
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल लगातार संगठन में नवाचार कर रहे है। इसी कड़ी में चर्चा है कि लंबे अरसे के बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सदस्यों की संख्या 50 प्रतिशत से कम करने पर गंभीरता से विचार किया गया है। जिसको लेकर काम भी शुरू हो गया है। अभी 62 संगठनात्मक जिलों में कुल 463 सदस्य हैं। जिसमें 187 प्रदेश कार्यसमिति, 52 स्थायी आमंत्रित और 224 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। लेकिन अब इन्हें कम कर 106 किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या भी अधिकतम कुल का 30 प्रतिशत रखने की तैयारी की गई है। ओरछा में प्रस्तावित प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले ही इस फॉर्मूले पर क्रियान्वयन तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक इस बार 75 फीसदी नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं।
