
बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध के मुआवजा मामले में सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दबाव में मप्र सरकार ने घुटने टेक दिए हैं और प्रदेश के किसानों, आम नागरिकों मप्र के वैधानिक अधिकारों की पूरी तरह अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि सरदार सरोवर बांध के निर्माण पर मप्र ने सर्वाधिक कृषि भूमि, वन भूमि गंवाई है और आदिवासी परिवारों के विस्थापन, पुनर्वास व पर्यावरणीय क्षति का बोझ उठाया है। उन्होंने सरकार से पूछा कि सरदार सरोवर बांध के लगभग 7600 करोड़ रुपए के दावे को छोडक़र 1250 से 1500 करोड़ के बीच समझौता कैसे किया गया? इतने बड़े निर्णय पर विधानसभा, विपक्ष या प्रदेश की जनता को विश्वास में क्यों नहीं लिया गया? उन्होंने इस पूरे मामले पर श्वेत पत्र जारी करने और विधानसभा में विस्तृत चर्चा कराने की मांग सरकार से की है। पटवारी ने आरोप लगाया कि आज मप्र महिलाओं पर अत्याचार, आदिवासियों पर अत्याचार, बलात्कार, ड्रग्स माफिया, शराब माफिया और विभिन्न प्रकार के अपराध एवं भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार बदनाम हो रहा है।
